इंडिया न्यूज़, चंडीगढ़:
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने दावा किया कि पंजाब की कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है। विपक्षी पार्टियां आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान को बदनाम करने के लिए इस तरह के बयान दे रही है। कंग ने कहा कि “गुरुवार को हुए संगरूर उपचुनाव बिना किसी हिंसा और हंगामा के संपन्न हुआ है। पंजाब में हाल के वर्षों के चुनावी इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। इससे साबित होता है कि पंजाब की कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त है।”
कंग ने अकाली-कांग्रेस पर बोला हमला
कंग ने पिछली अकाली-कांग्रेस सरकारों पर हमला बोला और कहा कांग्रेस सरकार के दौरान 2021 में हुए नगर निगम के चुनावों में बड़े पैमाने पर हिंसा की घटनाएं सामने आई थी। उन्होंने कहा कि “अकाली दल और कांग्रेस की सरकार ने पंजाब के नौजवानों को गलत रास्ते पर धकेला और ऑर्गेनाइजेड क्राइम को बढ़ावा दिया। उसी का नतीजा आज पंजाब के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पिछली सरकारों के दौरान पंजाब के खजाने से हुई लूट और घपले-घोटाले की जांच करने के लिए मान सरकार विधानसभा में व्हाइट पेपर लाने जा रही है। ताकि पंजाब के खजाने से हुई लूट के बारे में जनता को पता चल सके।” उन्होंने कहा कि “जिन लोगों ने भी सत्ता में रहते हुए पंजाब के खजाने में हेरफेर किया है और सरकारी संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया है, उनका चेहरा अब बेनकाब होगा। पंजाब के खजाने की लूट में शामिल व्यक्ति, चाहे अपना हो या पराया, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”