होम / बनवारीलाल पुरोहित बने पंजाब के 36वें राज्यपाल

बनवारीलाल पुरोहित बने पंजाब के 36वें राज्यपाल

Harpreet Singh • LAST UPDATED : September 1, 2021, 7:35 am IST

संबंधित खबरें

इंडिया न्यूज, चंडीगढ़:
पंजाब के नए राज्यपाल के रूप में बनवारीलाल पुरोहित ने मंगलवार को शपथ ली। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि शंकर झा ने पंजाब राज भवन में बनवारीलाल पुरोहित को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मंच पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मौजूद थे। बनवारीलाल पुरोहित ने अंग्रेजी में शपथ ली। उन्होंने उस शपथ पत्र पर हस्ताक्षर किए जिस पर मुख्य न्यायाधीश द्वारा भी हस्ताक्षर किए गए। बाद में बनवारीलाल पुरोहित ने पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में अलग-अलग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इससे पहले मनोनीत राज्यपाल एक औपचारिक अंदाज में पंजाब राजभवन के विशेष पंडाल में पहुंचे। उनके साथ पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भी थे।पंजाब की मुख्य सचिव विनी महाजन ने समारोह शुरू करने की अनुमति मांगी और बनवारीलाल पुरोहित की पंजाब के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के वारंट को पढ़ा। बनवारीलाल पुरोहित दोपहर 12:00 बजे पंजाब राज भवन पहुंचे और पीएपी की टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। उनका स्वागत पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह, पंजाब के कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंद्रा और मनप्रीत सिंह बादल ने किया। इस मौके पर प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल, उपायुक्त चंडीगढ़ और चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

लेटेस्ट खबरें