Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सभी पार्टियां का एक-दूसरे के ऊपर राजनीतिक छींटाकशी का दौर जारी है। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में कथित रूप से सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर की मौजूदगी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने राहुल गांधी पर भारत जोड़ो यात्रा में मेधा पाटकर को केंद्रीय स्थान देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे गुजरात और गुजरातियों के खिलाफ दुश्मनी बताया है।
आपको बता दें कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आपत्ति जताते हुए एक ट्वीट किया है। सीएम भूपेंद्र ने लिखा कि “कांग्रेस और राहुल गांधी ने बार-बार गुजरात और गुजरातियों के प्रति अपनी दुश्मनी दिखाई है। मेधा पाटकर को अपनी भारत जोड़ो यात्रा में केंद्रीय स्थान देकर राहुल गांधी ने दिखाया कि वे उन तत्वों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने दशकों तक गुजरातियों को पानी से वंचित रखा। गुजरात इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।”
इसके साथ ही अपने ट्वीट में भूपेंद्र पटेल ने एक आर्टिकल भी शेयर किया है। जिसमें लिखा है कि “गुजरात की जीवन रेखा सरदार सरोवर परियोजना के खिलाफ अभियान की अगुवाई करने वाली एनजीओ संचालक मेधा पाटकर ने बांध के लिए फंड को रोक दिया और परियोजना की प्रगति भी रोक दी। अब नर्मदा परियोजना की विरोधी मेधा पाटकर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल किया है।”
बता दें कि गुरुवार को इससे पहले कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के वेरिफाइड पेज से राहुल गांधी के साथ मेधा पाटकर की तस्वीर शेयर की थी। भारत जोड़ो यात्रा के आधिकारिक पेज ने ट्वीट करते हुए कहा कि “जब आप समाज के लिए कुछ करते हैं, तो समाज कल्याण से जुड़े लोग खुद आपके साथ जुड़ जाते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाग लिया। #BharatJodoYatra।” जानकारी दे दें कि ‘नर्मदा बचाओ आंदोलन’ के प्रमुख चेहरों में से मेधा पाटकर एक हैं।
Get Current Updates on News India, India News, News India sports, News India Health along with News India Entertainment, India Lok Sabha Election and Headlines from India and around the world.