होम / प्रियंका गांधी द्वारा सिद्धू को लिखी चिट्ठी पर खड़े हुए सवाल, जानें क्या कह गए पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखजिंदर

प्रियंका गांधी द्वारा सिद्धू को लिखी चिट्ठी पर खड़े हुए सवाल, जानें क्या कह गए पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखजिंदर

Rizwana • LAST UPDATED : November 30, 2022, 3:05 pm IST

(इंडिया न्यूज़): रोड रेज मामले में पटियाला सेंट्रल जेल में 1 साल की सजा काट रहे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के 26 जनवरी को रिहा होने की चर्चाएं लगातार जोर पकड़ने लगी हैं। साथ ही प्रियंका गांधी द्वारा सिद्धू को लिखी चिट्ठी में भी उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने से पंजाब कांग्रेस के बड़े नेता अब मुखर होने लगे हैं। क्योंकि सिद्धू की रिहाई के बाद पंजाब कांग्रेस में दोबारा फेरबदल की आशंकाएं जोर पकड़ने लगी हैं। पार्टी अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री पद के चेहरे और मिशन 2024 की रणनीति किस प्रकार रहेगी, इन सभी मुद्दों पर पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति गरमाने लगी है। पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखजिंदर सिंह रंधावा ने प्रियंका गांधी द्वारा सिद्धू को लिखी चिट्ठी पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि प्रियंका गांधी ने सिद्धू को चिट्ठी लिखी है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। क्योंकि साल 2021 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने के बाद CM पद के दावेदारों में सिद्धू के अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम शामिल था, लेकिन सिद्धू के सहमत नहीं होने के कारण रंधावा को डिप्टी CM बनाया गया था।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने पार्टी में सिद्धू को बड़ी जिम्मेदारी देने के मामले में ऐसी कोई भी बात होने से इनकार किया है। बावजूद इसके पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति अब सिद्धू के इर्द-गिर्द घूमने लगी है। यहां तक कि अब सिद्धू खेमे के नेता और कार्यकर्ता भी सक्रिय होते हुए पार्टी के बड़े नेताओं के बयान पर जवाब दे रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू के मीडिया सलाहकार सुरिंदर डल्ला ने ट्वीट कर कहा है कि सिद्धू की जेल से रिहाई होते ही मिशन 2024 शुरू होगा और पंजाब के अधिकारों की पहरेदारी जारी रहेगी। उन्होंने आगे लिखा कि पंजाब आज भी मंदहाली के उस दौर में खड़ा है, जहां से बाहर निकालने का मॉडल नवजोत सिंह सिद्धू ने दिया था। पंजाब का इंजन नया करने की नहीं बल्कि बदलने की आवश्यकता है। ये तो रही एक अलग बात लेकिन जेल में बंद चल रहे नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सेहत को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने छह महीनों में करीब 34 किलो वजन कम किया है। अब उनका वजन करीब 99 किलो रह गया है। वे जेल में कम से कम चार घंटे मेडिटेशन और दो घंटे योग करते हैं और चार घंटे तक पढ़ाई करते हैं। वो दिन में केवल दो बार खाना खाते हैं। शाम छह 6 बजे के बाद वो कुछ भी नहीं खाते हैं।

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT